नंगल आनंदपुर साहिब मार्ग पर हुए हादसे के दौरान क्षतिग्रस्त वाहन।संवाद
सिविल अस्पताल में चल रहा घायल चालक का उपचार
पालमपुर से चंडीगढ़ जा रही थी बस, सभी सवारियां सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल-श्री आनंदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक ट्रक और हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की हिमसुता बस में टक्कर हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रक चालक ने दो बाइक सवारों को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाया। पीछे से आ रही हिमसुता बस ट्रक से टकरा गई। घटना में बस चालक मुनीष गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल नंगल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।बस पालमपुर से चंडीगढ़ जा रही थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एमपी कोठी के पास दो बाइक आपस में टकरा गईं, जिससे दोनों चालक सड़क पर गिर गए। उसी समय नंगल की ओर से आ रहे ट्रक ने उन्हें बचाने के लिए जोरदार ब्रेक लगाए, लेकिन पीछे से आ रही बस समय पर नहीं रुक सकी और ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रैफिक सुचारु करने के लिए सड़क सुरक्षा बल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों तथा संबंधित चालकों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।