दौलतपुर चौक (ऊना)। वन विभाग की टीम ने डंगोह खुर्द क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित लकड़ी से भरा एक पिकअप ट्राला पकड़ा है। वाहन की जांच के दौरान रजेण, कामल समेत करीब आठ पेड़ों की लकड़ी बरामद होने की बात सामने आई है। वन विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वन विभाग की जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि पेड़ों का कटान सरकारी भूमि से हुआ है या निजी भूमि से। कटान की वास्तविक जगह और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। विभाग लकड़ी के स्रोत सहित अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में वन कटान का यह मामला इससे बड़ा हो सकता है। लोगों का दावा है कि पकड़ी गई पिकअप के अलावा भी लकड़ी से भरी अन्य गाड़ियां भी यहां से निकाली गई हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से पूरे क्षेत्र में जांच करने और यदि अवैध कटान सामने आता है तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वन विभाग के बीओ सचिन कुमार ने बताया कि डंगोह खुर्द में लकड़ी से लदी पिकअप पकड़ी गई है। इसमें रजेण, कामल सहित करीब आठ पेड़ों की लकड़ी पाई गई है। लकड़ी सरकारी या निजी भूमि से काटी गई है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।