उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के नलवाडी तलमेहडा सड़क पर गिरा हुआ पेड़।स्रोत स्वयं
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। बंगाणा उपमंडल में बुधवार सुबह तेज बारिश हुई। इससे चडोली कोकरा के बीच सत्संग घर के नजदीक बहने वाले नाले में पानी का बहाव तेज हो गया। साथ लगते स्वास्थ्य केंद्र चडोली के साथ सड़क किनारे एक बड़ा पेड़ गिर गया। इससे नलवाड़ी-तलमेहड़ा सड़क पर छोटे वाहनों के लिए यातायात लगभग एक घंटे तक बंद रहा। विद्युत आपूर्ति बंद रही। हालांकि, स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ को हटा कर यातायात सुचारु किया। इसके साथ ही ठठूह से मटियाणा संजय वाटिका तक सड़क किनारे पहाड़ियों से हल्के-हल्के पत्थर और मलबा गिरने से यातायात प्रभावित रहा। विभाग की ओर से यातायात को सुचारु रूप से खोल दिया गया है। लोक निर्माण विभाग बंगाणा के सहायक अभियंता संजीव गौतम ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए विभाग की टीम पूरी तरह से मुस्तैद है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। कार्यवाहक एसडीएम अमित शर्मा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों को बरसात के मौसम में हर समय तैयार रहने के आदेश दिए गए हैं ताकि आम जनता को किसी भी दिक्कत का सामना न करना पड़े।