मैहतपुर ( ऊना)। डाक विभाग ऊना की ओर से चलाए जा रहे एक विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को ऊना मंडल के अंतर्गत आने वाले जिले के प्रमुख शिक्षण एवं व्यावसायिक संस्थानों में विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। डाक निरीक्षक रजनीश शर्मा ने इस अवसर पर डाक बीमा योजना, ग्रामीण डाक बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के डिजिटल खातों के माध्यम से लेन-देन और फ्लैटली खातों के महत्व पर विस्तृत जानकारी साझा की। श्री विष्णु सनातन धर्म महाविद्यालय, भटोली के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद शर्मा से भेंट के दौरान डाक निरीक्षक ने बताया कि विभाग युवाओं के लिए कई नई योजनाएं चला रहा है, जिनसे जुड़कर वे न केवल वित्तीय रूप से सशक्त बन सकते हैं, बल्कि अपने करियर को भी सवांर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालयों में आधार अपग्रेडेशन शिविर, बचत योजनाओं से संबंधित कैम्पों सहित अन्य जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जा रहा है। वृद्धजनों और शारीरिक रूप से असमर्थ व्यक्तियों को डाक विभाग घर-द्वार पर आधार अपग्रेडेशन व अन्य सेवाएं प्रदान कर रहा है।