घनारी (ऊना)। गगरेट विधानसभा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन कार्रवाई की रफ्तार इतनी धीमी हो गई है कि कानून का भय समाप्त होता नजर आ रहा है। उनका कहना है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक बाइक पर चार युवक सवार दिखाई दिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10,500 रुपये का चालान किया, लेकिन सामने आया कि बाइक किसी स्थानीय व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत थी जबकि उसे कोई अन्य व्यक्ति चला रहा था। इसके कुछ ही दिनों बाद अंबोटा में एक बुजुर्ग को बाइक सवार टक्कर मारकर मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर तीन युवक सवार थे, जिन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था। उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस न होने की बात भी सामने आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बाइक भी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत थी। स्थानीय लोगों में राजीव, सुरेश, जसबीर, किरण लता और निर्मला देवी ने कहा कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और वाहनों के उपयोग की प्रभावी निगरानी की आवश्यकता है। यदि बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने, किसी अन्य के नाम पर पंजीकृत वाहनों का उपयोग करने और यातायात नियमों की अनदेखी करने पर समय रहते सख्ती नहीं हुई तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सभी संदिग्ध वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ का कहना है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के पुलिस नियमित तौर से चालान काट रही है।