संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। थाना अंब के तहत मंगलवार को एएसआई यशपाल के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस अंब की टीम ने बड़ूही पेट्रोल पंप के सामने चौक पर विशेष नाका अभियान चलाया। इस दौरान बिना कागज, बिना हेलमेट तथा बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने भैरा, दियाड़ा और बड़ूही पंप के आसपास से गुजरने वाले वाहनों की सख्ती से जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए चालकों के 65 चालान काटे गए। इनमें से कुछ वाहन मालिकों ने मौके पर ही जुर्माना जमा करवाकर मामले का निपटारा किया, जबकि कई चालान आगे की कार्रवाई के लिए कोर्ट भेज दिए गए। एएसआई यशपाल की टीम ने नाका लगाए जाने के दौरान न केवल नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की, बल्कि बाइक चालकों को हेलमेट पहनने का महत्व, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न करने से होने वाली गंभीर हानि और दुर्घटनाओं के जोखिम के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के इस अभियान से स्थानीय लोगों में जागरूकता बढ़ी है। क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।