चिंतपूर्णी में ट्रैफिक प्लान को लेकर बैठक करते एसडीएम अम्ब सचिन शर्मा। स्रोत आयोजक
एसडीएम बोले -वन वे बनाने को लेकर भी किया गया विचार
होटलों की पार्किंग को देखते हुए गाड़ियों के लिए बनाए जाएंगे पास
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी में ट्रैफिक प्लान को लेकर एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने महत्वपूर्ण फैसला बुधवार की बैठक में लिया। उन्होंने घोषणा की है कि सुबह दस बजे से रात दस बजे तक वाहनों की आवाजाही मंदिर मार्ग पर पूरी तरह से बंद रहेगी। इस फैसले के पीछे एसडीएम का मुख्य उद्देश्य मंदिर रोड पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, होटल एसोसिएशन के सदस्यों, पुजारियों, और स्थानीय दुकानदारों के साथ एक बैठक की। इसमें मंदिर रोड पर गाड़ियों की आवाजाही को लेकर सुझाव मांगे गए। एसडीएम सचिन शर्मा ने कहा कि चिंतपूर्णी में हाल ही में जो सड़क हादसा हुआ है, वह बहुत ही दुखद था। भविष्य में ऐसे हादसे न हों, इसके लिए सभी के सहयोग से कुछ निर्णय लेना जरूरी है। आगे कहा कि होटल वालों का व्यवसाय प्रभावित न हो, इसके लिए उनके होटल की पार्किंग को देखते हुए गाड़ियों के लिए पास बनाए जाएंगे। इसके अलावा जिन लोगों के मंदिर रोड के बीच घर हैं और उनके घरों को जाने के लिए कोई और रास्ता नहीं है, उनकी गाड़ियों को मुख्य बैरियर पर नंबर लिखकर और आधार कार्ड देखकर आगे भेजा जाएगा। मंदिर रोड को वन-वे बनाने पर भी विचार किया जाएगा। इसे लेकर पुलिस के साथ एक बार मंदिर से जाने वाले रास्तों का निरीक्षण किया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि आवश्यक चीजों फल सब्जी, दूध की गाड़ियों को मंदिर जाने की अनुमति रहेगी।