संतोषगढ (ऊना)। संतोषगढ़-नंगल सड़क की बदहाली को लेकर पार्षद इकबाल सिंह ने पीडब्ल्यूडी को 20 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि यदि इस अवधि में सड़क की हालत सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पार्षद और व्यापारी पक्की सड़क पर ही पौधरोपण कर विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन करेंगे। पार्षद का कहना है कि सड़क की समस्या कोई नई नहीं है। व्यापारियों का कहना है कि खराब सड़क केवल आवागमन की समस्या नहीं बल्कि उनके कारोबार और आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। सवाल यह है कि जब सड़क लोगों के चलने के लिए है तो आखिर उसकी हालत सुधारने के लिए विभाग को कितने और अल्टीमेटम चाहिए। अब देखना यह है कि विभाग इस चेतावनी को गंभीरता से लेता है या फिर संतोषगढ़ की सड़कें ही सरकारी लापरवाही की कहानी बयां करती रहेंगी। लोक निर्माण विभाग ऊना के अधिशासी अभियंता केएस ठाकुर ने कहा कि अभी बरसात का मौसम है। गड्ढों को भरने के लिए उनमें कुछ सामग्री डालकर काम चला रहे हैं। मौसम साफ होते ही सड़क की मरम्मत कर दी जाएगी।