अंब बार एसोसिएशन ने उठाई मांग
अंब और गगरेट क्षेत्र से संबंधित केसों की होती है सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। बार एसोसिएशन ने अंब में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय के टूरिंग कोर्ट को जल्द नियमित किए जाने की मांग की है। वर्तमान में अंब में अतिरिक्त सत्र न्यायालय हर माह के दूसरे सप्ताह में एक सप्ताह के लिए लगाया जाता है। इस दौरान अंब और गगरेट क्षेत्र से संबंधित केसों की सुनवाई की जाती है। अंब में नवनिर्मित कोर्ट कांप्लेक्स में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके लोकार्पण पर यह उम्मीद की जा रही थी कि आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध होने के बाद एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज कोर्ट अब हर महीने एक सप्ताह के बजाय पूरा महीना नियमित रूप से उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे टूरिंग कोर्ट के तहत मिल रही सुविधाओं को और भी बेहतर तरीके से नियमित सुविधा के तौर पर जनता को मुहैया करवाया जा सकेगा। लेकिन, ऐसा नहीं हो पाया है। अंब बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता रवि पराशर, पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता राकेश चौधरी ने बताया कि अंब में अतिरिक्त सत्र न्यायालय के लिए नवनिर्मित कोर्ट कांप्लेक्स में आधारभूत सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस संबंध में माननीय उच्च न्यायालय की तरफ से भी मंजूरी प्रदान की जा चुकी है। अब प्रदेश सरकार की तरफ से इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जानी है। सरकार की तरफ से इस संबंध में प्रावधान के बाद स्थानीय लोगों को एडीजे कोर्ट की क्षेत्र में ही बेहतर न्यायिक सुविधा उपलब्ध हो पाएगी।