बड़ूही (ऊना)। लडोली ग्राम पंचायत में बुधवार को सर्व हितकारी सभा कमेटी की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम में गांव के होनहार विद्यार्थियों को दसवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में सर्व हितकारी सभा के अध्यक्ष मदन धीमान, कुशल धीमान, बलविंदर सिंह, फतेह सिंह और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान माधवी शर्मा, अरित्रा ठाकुर, मुस्कान शर्मा, आशुतोष गौतम को सम्मानित किया गया। मदन धीमान ने कहा कि इन बच्चों ने साबित कर दिया है कि यदि मन में दृढ़ निश्चय हो और लक्ष्य स्पष्ट हो तो कोई भी बाधा मार्ग में नहीं आ सकती। इन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत का कार्य किया है। ग्राम पंचायत लड़ोली के प्रधान बलविंदर सिंह ने सर्व हितकारी सभा के सभी सदस्यों का आभार जताया।