बोले- लक्ष्य हासिल करने के लिए अपनी रणनीति को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटे
मित्र मंडली से दूर रहने और मोबाइल का इस्तेमाल न करने की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल ठठल में बच्चों को परीक्षा से पहले तैयारी करने के बुधवार को टिप्स दिए गए। साथ ही इन दिनों में तनाव होने के कारण, इसके लक्षण और इन्हें कैसे दूर किया जा सकता है, इस बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। रिसोर्स पर्सन के तौर पर सेवानिवृत्त प्रवक्ता सतीश शर्मा ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि बच्चे मित्रों की संगति से दूर रहें तथा प्रतिदिन योग कर अपने आप को तनाव से बाहर निकाल सकते हैं। लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपनी रणनीति को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटे। टीवी पर केवल समाचार सुनना, मोबाइल पर ज्ञान के अतिरिक्त कुछ न देखना तथा मित्र मंडली से दूर रहने की सलाह दी। यह भी बताया कि जिन बच्चों का मन पढ़ाई में नहीं लगता वे कक्षा में अध्यापक की ओर से पढ़ाया जा रहे कंटेंट पर ध्यान लगाने के लिए मन को एकाग्र करें। इसके लिए बार-बार अभ्यास की जरूरत होती है। परीक्षा वाले दिन घर से कम से कम 5 मिनट भ्रामरी प्राणायाम जरूर करें। यदि परीक्षा हाल में भी कोई प्रश्न न आने पर स्ट्रेस हमला करता है तो तीन बार बैठे-बैठे लंबे श्वास लेने चाहिए। उससे मन को शांति मिलती है और दिमाग ठंडा रहता है। परीक्षा को अभी डेढ़ महीना बचा है, इसमें अपने विषय को आत्मसात करें। रट्टा लगाना ठीक नहीं केवल टॉपिक को समझ कर दिमाग में बैठा कर अपने शब्दों में वर्णन करें। प्रधानाचार्य व्यास देव धीमान ने बच्चों को जानकारी देने के लिए आभार जताया।