नंगल (ऊना)। महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। आरोप है कि महिला एक हजार रुपये की किस्त के भुगतान को लेकर निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों द्वारा लगातार परेशान की जा रही थी। इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। मामले में मृतका की बेटी कोमल के बयान के आधार पर पुलिस ने फाइनेंस कंपनी ऊना के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की पहचान शुभम राणा पुत्र विजय कुमार निवासी बरोज (जिला हमीरपुर), सागर सैन पुत्र सुनील कुमार निवासी बनोड़ू (जिला कांगड़ा) और अभिषेक जैन पुत्र पवन कुमार निवासी जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। डीएसपी नंगल हरकीरत सिंह ने बताया कि अदालत ने तीनों आरोपियों को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।