भंजाल शिव मंदिर में चोरी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों से बातचीत करते हुए। स्रोत जागरूक
- फोटो : संवाद
सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया
सीसीटीवी की फुटेज में दो नकाबपोश वारदात को अंजाम देते नजर आए
संवाद न्यूज एजेंसी
मुबारिकपुर (ऊना)। गगरेट विधानसभा क्षेत्र के लोअर भंजाल गांव के बड़ा तालाब के पास मुख्य सड़क किनारे बने शिव मंदिर में चोरों ने सेंध लगाई और दानपात्र चोरी कर ले गए। लोअर भंजाल के पंचायत प्रधान सुरेंद्र कुमार भूषण, स्थानीय निवासी राजीव कुमार, इकबाल सिंह, केवल कुमार ने बताया कि मंगलवार रात को चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। इसकी सूचना अंब पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया। सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला तो दो नकाबपोश वारदात को अंजाम देते नजर आए। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब छह माह पहले क्षेत्र के पीर स्थान के ताले टूटे थे। करीब पांच महीने पहले भी हनुमान मंदिर से भी दान पात्र पर चोरों ने हाथ साफ किया। जबकि, त्रिदेव मंदिर नकड़ोह में भी चोरों ने मंदिर के दान पात्र को अपना निशाना बनाया था। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों के दान पात्रों की चोरी के पीछे जहां कोई चोर गिरोह हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि इन वारदातों के पीछे नशेड़ी किस्म के तत्व भी हो सकते हैं।
पुलिस थाना अंब प्रभारी अनिल उपाध्याय का कहना है कि पुलिस मंदिर में लगे कैमरे की जांच कर रही है। आसपास के कैमरों को भी खंगाला जाएगा।