रात के अंधेरे में वारदात, ट्रक मालिक ने थाना अंब में दी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बडूही (ऊना)। उपमंडल अंब के बडूही बाजार के पास स्थित गांव दिलवां में चोरी की घटना सामने आई है। यहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से अज्ञात चोरों ने रात के समय दोनों बैटरियां चोरी कर लीं, जिससे ट्रक मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ट्रक मालिक पंकज शर्मा, निवासी गांव स्तोथर ने बताया कि 13 जनवरी की रात जब वह अपने घर लौट रहे थे, तब उनका ट्रक रास्ते में खराब हो गया। ट्रक को सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने उसे सड़क किनारे खेत में खड़ा कर दिया ताकि अगले दिन मिस्त्री को बुलाकर उसे ठीक करवाया जा सके। लेकिन, सुबह ट्रक के पास पहुंचे तो देखा कि चोर ट्रक की दोनों बैटरियां चोरी कर ले गए हैं। पंकज शर्मा ने इस संबंध में थाना अंब में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है।