नकदी सहित काफी सामान पर हाथ कर गए साफ
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट(ऊना)। उपमंडल गगरेट की ग्राम पंचायत अप्पर गगरेट में शनिवार रात्रि चोर दो घरों के ताले तोड़कर नकदी सहित काफी सामान पर हाथ साफ कर गए। इनमें से एक घर का मालिक अपने बेटे के पास विदेश गया हुआ है, तो एक दिल्ली में है।
घटना की जानकारी मिलते ही गगरेट पुलिस ने आगामी कारवाई शुरू कर दी है। गगरेट के वार्ड नंबर चार के पवन कुमार व राकेश कुमार कुछ दिन से घर से बाहर थे। इसी का लाभ उठाकर अज्ञात चोरों ने इन घरों को अपना निशाना बनाया। रविवार सुबह पड़ोसियों ने इन घरों की ग्रिल टूटी देखी तो इन्हें फोन पर सूचित किया। मकान मालिकों के कहने पर जब पड़ोसी ने घर में जाकर देखा तो काफी सामान बिखरा पड़ा था। पड़ोसी द्वारा इसकी सूचना गगरेट पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस की मौजूदगी में घरों की जांच की तो काफी सामान बिखरा हुआ पाया गया। राकेश से संपर्क करने पर पता चला कि उसके घर में कोई कीमती सामान नहीं था, जबकि पवन के अनुसार उसके घर में 40 हजार रुपये की नकदी थी, जो कि बताए स्थान से गायब पाई गई। हालांकि और कितने का नुकसान हुआ है, ये उनके आने के बाद पता चलेगा। बहरहाल गगरेट पुलिस ने पड़ोसी गिरधारी लाल की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।