ऊना। हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ ऊना ने मुख्याध्यापक से प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति कोटे में किसी भी प्रकार की कटौती या छेड़छाड़ का विरोध किया है। संघ के प्रधान रमेश कुमार मेहरा ने मंगलवार को बयान में कहा कि स्कूली प्रवक्ता का एक धड़ा लगातार सरकार और विभाग को गलत आंकड़ें प्रस्तुत कर इस मामले पर सरकार को गुमराह करने की कोशिश करता रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सामने वर्ष 2019 में भ्रामक आंकड़ें प्रस्तुत कर इस कोटे को अपने पक्ष में करने की घोषणा करवा चुके थे, लेकिन जब 26000 के टीजीटी काडर ने वास्तविकता सरकार के सामने रखी तो उन्होंने इसमें किसी भी प्रकार का बदलाव करने से साफ इनकार कर दिया।
सीधी भर्ती वाले प्रवक्ता संघ की कुल संख्या 9000 है, उन्हें प्रधानाचार्य पद पर प्रतिनिधित्व 50-50 कोटे के आधार पर 1006 पद आरक्षित हैं, परंतु 26000 के टीजीटी काडर, जिसमें 16000 टीजीटी 9000 पदोन्नति प्रवक्ता एवं 972 मुख्याध्यापक आते हैं। यही कारण है कि एक टीजीटी लगभग 25 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद मुख्याध्यापक के पद पर पदोन्नति होता है। उसे प्रधानाचार्य बनने में 28 से अधिक बसंत देखने पड़ते हैं। दूसरी तरफ सीधी भर्ती वाले प्रवक्ता संघ बड़ी चतुराई से मात्र 972 मुख्याध्यापकों को ही प्रधानाचार्य पद के लिए फीडिंग कैडर सरकार के सामने दर्शाता है।
संघ सरकार से यह मांग करता है कि इस पदोन्नति कोटे से कोई भी छेड़छाड़ न की जाए। प्रदेश में दोबारा नियुक्ति की प्रथा को पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाए, क्योंकि यह पदोन्नति की राह देख रहे कर्मचारियों के साथ कुठारघात है। एक टीजीटी वर्ग को प्रधानाचार्य के पद पर पहुंचने के लिए कम से कम 27 से 28 साल लग जाते हैं, लेकिन अगर इस पद पर किसी सेवानिवृत्त अधिकारी को दोबारा नियुक्ति दे दी जाए, तो इतने लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे टीजीटी वर्ग बिना पदोन्नति हुए ही सेवानिवृत्त हो जाते हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री एवं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से संघ ने यह मांग की है कि छात्र हित को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में प्रधानाचार्य, मुख्य अध्यापक व प्रवक्ताओं की पदोन्नति सूची चुनाव आयोग से अनुमति लेकर शीघ्र निकाली जाए। इस मौके पर उनके साथ सीनियर वाइस प्रधान बलवीर सिंह मनकोटिया, उपप्रधान सतीश कुमार संघ के सचिव अनिल कुमार, प्रेस सचिव अश्विनी कुमार, कोषाध्यक्ष जोगिंद्र पाल कौशल व अन्य मौजूद रहे।
संवाद