बाबा बालक नाथ से वापस आ रहे बाइक सवार गिरे
रोजाना वाहन चालकों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
लठियाणी (ऊना)। लठियाणी बाजार से गुजरने वाली ऊना-हमीरपुर सड़क पर लगभग 100 मीटर तक फैले गहरे गड्ढे किसी भी समय बड़ी अनहोनी का कारण बन सकते हैं। ये गड्ढे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहे हैं। इन दिनों सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ के दर्शन के लिए पंजाब समेत विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु दिन-रात इस मार्ग से आवाजाही कर रहे हैं लेकिन सड़क पर बने गड्ढों में बरसात का पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर हादसे का शिकार हो रहे हैं। ऐसी ही एक ताजा घटना मंगलवार को सामने आई, जब बाबा बालक नाथ से लौट रहे बाइक सवार श्रद्धालु उक्त स्थान पर गिर पड़े। गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं। स्थानीय निवासी राजेश कुमार, ओमप्रकाश, जसवंत सिंह, कमलदेव, पूर्ण चंद और रतन चंद ने विधायक विवेक शर्मा से अपील की है कि लोक निर्माण विभाग मंडल बंगाणा के अधिकारियों को जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए जाएं ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। लोक निर्माण विभाग लठियाणी के कनिष्ठ अभियंता सचिन पटियाल ने कहा कि लठियाणी बाजार में बरसात के कारण सड़क की हालत कई स्थानों पर खराब हुई है। मौसम साफ होते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।