नंगल (ऊना)। नंगल-आनंदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर स्थित एमपी कोठी में एक ही रात में दो दुकानों के शटर टूटने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। शातिर चोरों ने दोनों दुकानों के गल्लों में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दुकान मालिक प्रेम धीमान और नितिन गौतम ने कहा कि सुबह पड़ोसियों ने दुकानों के शटर टूटे होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर दोनों दुकानदारों ने इसकी जानकारी वार्ड पार्षद राजेश आंगरा को दी और फिर नंगल पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद जांच अधिकारी एएसआई केशव कुमार के नेतृत्व में दुकानों की जांच करने पर पता चला कि चोरों ने दुकानों में रखे सामान को हाथ तक नहीं लगाया जबकि दुकानों में रखी नकदी चुरा ले गए। थाना प्रभारी नंगल दानिशवीर सिंह ने कहा कि मामले को लेकर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी जांच में शामिल किया जा रहा है ताकि चोरों तक जल्द पहुंचा जा सके।