बीते वर्ष के मुकाबले पानी का स्तर 30 फीट कम, बीबीएमबी की बढ़ी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। भाखड़ा डैम के पीछे बनी विशाल गोबिंद सागर झील में पानी की आमद लगातार कम दर्ज की जा रही है। इससे भाखड़ा डैम के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और बीते वर्ष के मुकाबले अगर आज की बात करें तो झील में 30 फीट के लगभग पानी कम है, जो बीबीएमबी मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। बीबीएमबी मैनेजमेंट की ओर से दर्शाए आंकड़ों के अनुसार शनिवार सुबह 42847 क्यूसिक पानी की आमद के साथ भाखड़ा डैम का जलस्तर 1556.33 फीट दर्ज किया गया। जबकि, भाखड़ा डैम से टरवाइनों के माध्यम से 32 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। जबकि, सहयोगी राज्यों की ओर से की गई पानी की मांग को पूरा करने के लिए नंगल डैम से सतलुज दरिया में 9500, नंगल हाइडल में 12350 और श्री आंनदपुर साहिब हाइडल में 10 हजार 150 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। बीते वर्ष आज के ही दिन भाखड़ा डैम का जलस्तर 1584.21 फीट दर्ज किया गया था, जो आज के मुकाबले 30 फीट अधिक था।