दौलतपुर चौक (ऊना)। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों का गगरेट सवर्ण समाज विरोध कर रहा है। सोमवार को उपमंडल दंडाधिकारी गगरेट के माध्यम से केंद्र सरकार, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और यूजीसी को ज्ञापन प्रेषित किया। समाज ने यूजीसी के नए नियमों को शिक्षा व्यवस्था की स्वतंत्रता और विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक स्वायत्तता के लिए चिंताजनक बताते हुए इन्हें तत्काल वापस लेने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि यूजीसी द्वारा उच्च शिक्षा से संबंधित प्रस्तावित अथवा लागू किए गए नए नियमों को लेकर शिक्षा जगत और समाज के विभिन्न वर्गों में गंभीर चिंता एवं असंतोष है। समाज का कहना है कि इन नियमों से विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक स्वायत्तता और स्वतंत्र निर्णय लेने की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। गगरेट स्वर्ण समाज ने केंद्र सरकार और यूजीसी से पूरे मामले पर तत्काल पुनर्विचार करने की मांग की। इस दौरान सुनील कंवर, रंजीत सिंह जसवाल (दियोली), अशोक ठाकुर (मिकी), रवि जरियल (नंगल जरियालां), कमल जरियल सहित सवर्ण समाज के अन्य सदस्य मौजूद रहे।