ऊना में 102 व108 कर्मी हड़ताल के चलते रोष रैली निकालते हुए।संवाद
क्षेत्रीय अस्पताल परिसर से एमसी पार्क तक निकाली रोष रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। 108 और 102 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को उठाया। रोष रैली निकालते हुए कर्मचारियों ने क्षेत्रीय अस्पताल से लेकर एमसी पार्क तक कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियाें ने साफ किया कि इससे पहले भी कर्मचारी हड़ताल पर जा चुके हैं लेकिन अभी तक मांगों को लेकर कंपनी व सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है। 12 फरवरी से 17 फरवरी तक हड़ताल पर हैं। कहा कि काफी समय से लंबित मांगों को जल्द से जल्द हल किया जाए, जिसमें मुख्य रूप से वेतन से संबंधित मुद्दे शामिल हैं। हमारी सरकार से मांग है कि स्पष्ट नीति बनाकर कर्मचारियों को स्थिरता और सुरक्षा प्रदान की जाए। कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए लिया गया है। यूनियन का कहना है कि एंबुलेंस सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों को सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन तक नहीं दिया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने यह भी मांग की है कि उन्हें बीमारी, दुर्घटना और अन्य आपात परिस्थितियों के दौरान पूर्ण वेतन दिया जाए तथा किसी प्रकार की वेतन कटौती न की जाए। इस मौके पर रजनीश, शशि, अजय, संतोष, शविंदर, मनीश, पुष्पक, नरेंद्र व विनोद सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।