ऊना। पुलिस थाना हरोली के तहत आते गांव खड्ड स्थित घर में चोरी का मामला सामने आया है। शातिर चोरों ने घर से स्कूटी, एलईडी और नल की टोटियां चोर कर लीं। चोरी की इस वारदात को लेकर मकान मालिक सुदेश कुमार ने पुलिस के पास शिकायत दी है। पुलिस ने अज्ञात शातिरों के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने शिकायत में बताया कि बीती 25 अगस्त को गांव खड्ड से अपने दूसरे मकान होशियारपुर पंजाब की ओर गया था। यहां पर पता चला कि खड्ड स्थित मकान में चोरी हुई है। इसके बाद घर आकर देखा तो मकान में खड़ी स्कूटी गायब थी जबकि मुख्य गेट का ताला लगा हुआ था। कमरे के दरवाजे का ताला तोड़ कर चोर अंदर घुसे हुए थे। वहीं कमरे का सामान भी बिखरा था। इसके अलावा एलईडी सहित नल की टोटियां गायब पाईं। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के बाद अज्ञात शातिर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।