हर दिन सेवक आसरी गुफा धार्मिक स्थल में जाते हैं पूजा करने
जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं की तो विभाग के खिलाफ करेंगे प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत जसाना में स्थित राजकीय उच्च विद्यालय जसाना को जाने वाली लिंक सड़क इन दिनों खस्ताहाल है। टूटी-फूटी और कीचड़ से भरी यह सड़क न केवल ग्रामीणों के लिए बल्कि दर्जनों स्कूली बच्चों के लिए भी रोजाना परेशानी का कारण बनी हुई है। बरसात के दिनों में समस्या और अधिक विकराल हो जाती है। बच्चों को रोज इसी मार्ग से स्कूल आना-जाना पड़ता है, लेकिन सड़क इतनी जर्जर है कि आए दिन फिसलने और गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) मंडल बंगाणा को अवगत करवाया गया, मगर अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं, कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विद्यालय के मुख्याध्यापक राजेंद्र जंबाल ने बताया कि बरसात के मौसम में पूरा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे बच्चों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं और कई बार वे चोटिल भी हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या की जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों को दी गई, लेकिन समाधान आज तक नहीं हुआ। इस सड़क का महत्व केवल जसाना स्कूल तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यही लिंक सड़क प्रसिद्ध सिद्धपीठ आसरी गुफा तक भी जाती है। यह गुफा जसाना से लगभग ढाई किलोमीटर की दूरी पर सोलहसिंगी धार के बीच स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं। लेकिन सड़क की खराब स्थिति के चलते श्रद्धालुओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांववासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत या निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग मंडल बंगाणा के सहायक अभियंता महिंद्र सिंह ने बताया कि मामला विभाग के ध्यान में है, लेकिन बारिश कार्य में बाधा बन रही है। जल्द ही सड़क की मरम्मत कर दी जाएगी।