विकास की बात
सरकार और प्रशासन ने नहीं मानी मांग तो खुद आए आगे
गांववासियों ने अपने पैसों से लगाईं एलईडी लाइटें
संवाद न्यूज एजेंसी
जोल (ऊना)। विकास खंड बंगाणा की ग्राम पंचायत डीहर के गांव चंबोआ के बाशिंदों ने इकट्ठे होकर अपने पैसों से एलईडी लाइटें लगाकर 16 घरों को चकाचौंध कर दिया है। यह अनूठी पहल चंबोआ की पंचायत सदस्य संदला देवी के पति रिटायर्ड शास्त्री ओंकार दास, सतपाल शर्मा, डॉक्टर रत्न चंद, रिटायर्ड सूबेदार जय लाल शर्मा के प्रयासों एवं सहयोग से संभव हो पाई है। ओंकार दास शास्त्री ने बताया कि एलईडी लाइटें लगने से गांव की गलियों में चारों तरफ रोशनी हो गई है। इस काम में अपना सहयोग देने के लिए वन विभाग से रिटायर्ड डिप्टी रेंजर तिलक राज शर्मा गांव खैरियां ने बाबा बालक रूपी मंदिर चंबोआ के लिए एक एलईडी लाइटें दान में दी हैं। शास्त्री ओंकार दास ने बताया कि गांव में स्ट्रीट लाइटें न होने से रात के समय गांववासियों को आवागमन में परेशानी होती थी। कई बार संबंधित विभाग और सरकार को इस बारे में अवगत करवाया लेकिन आज दिन तक यह लाइटें नहीं लग पाईं। इसके बाद गांव के बुद्धिजीवी लोगों ने यह फैसला लिया कि वे स्वयं अपने गांव में एलईडी लाइटें लगाएंगे। उन्होंने यह काम कर दिखाया है। गांववासियों ने कहा कि कई बार सरकार और प्रशासन से सोलर लाइटें लगाने की मांग की गई लेकिन आज दिन तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया। इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया है।