ऊना व्यापार मंडल ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। व्यापार मंडल ऊना ने शुक्रवार को अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त जतिन लाल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारी ने उपायुक्त के समक्ष डबल हेलमेट के बजाय सिंगल हेलमेट को ही अनिवार्य करने की मांग उठाई। सदस्यों ने कहा कि डबल हेलमेट लागू होने के चलते आम जनता विशेष कर छोटे दुकानदार, वरिष्ठ नागरिकों व आम जनता को असुविधा हो रही है। कहा कि ऊना के आसपास के गांव के पक्के ग्राहक जो ऊना में व्यापारियों के साथ सालों से जुड़े हैं, वह शहर आने में कतरा रहे हैं। बाजार में पिछले कई माह से मंदी का दौर है। उधर, गर्मी की मार भी बाजार पर पड़ रही है, जो वाहन चालक रोजमर्रा सिर्फ एक-दो किलोमीटर की सफर करते हैं उनके लिए दो हेलमेट की आवश्यकता रखना आर्थिक रूप से भी बोझ है। इसके अलावा मजदूर वर्ग को भी से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अगर एक व्यक्ति अकेला घर से निकलता है और रास्ते में किसी को लिफ्ट दे देता है तो दूसरे व्यक्ति के पास हेलमेट न होने के चलते उसका चालान हो जाता है। सदस्यों ने निवेदन किया कि केवल सिंगल हेलमेट की अनिवार्यता को ही लागू किया जाए। इस मौके पर व्यापार मंडल ऊना के प्रधान प्रिंस राजपूत, उप प्रधान नवीन पुरी, महासचिव रघु पुरी, सलाहकार अविनाश कपिला, अश्विनी जैतक,प्रमोद वर्मा, राजा मक्कड़, हरमीत विक्की, मधुर कौशल, पंकज पुरी, रोहित नागपाल, चंदन नागपाल, सोनू मक्कड़, राघव पुरी, कंवर कुमार, वरुण, अमरजोत मक्कड़, अंकुर साहनी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।