अंब(ऊना)। आस्था के नाम पर खतरों का सफर जारी है। मैड़ी मेले में मालवाहक वाहनों में डबल डेकर की व्यवस्था कर सवारियां ढोने का सिलसिला रुक नहीं पाया है। मैड़ी मेले के दौरान बाहरी राज्यों से मालवाहक वाहनों पर सफर बेरोक-टोक जारी है। बेशक प्रशासन कितनी भी सख्ती बरतने और प्रदेश की सीमा के अंदर ऐसे वाहनों को प्रवेश न देने का दावा करता हो परंतु मैड़ी हजारों श्रद्धालु मालवाहक वाहनों में आ रहे हैं। चौथे दिन सोमवार को भी ऐसे वाहनों का मेले में पहुंचना जारी रहा। गौरतलब है कि पहाड़ी प्रदेश में गुड्स कैरियर पर सवारियां ढोने पर प्रतिबंध है। पूर्व में मैड़ी मेले के दौरान कई बार इन मालवाहक वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने और इसमें कई जानें जाने के मामले होते रहे हैं।