बोले-नेशनल हेराल्ड को विज्ञापन देने के लिए करोड़ों, गरीबों के इलाज के लिए पैसे नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। हिमाचल सरकार के पास अपनी पार्टी के अखबार नेशनल हेराल्ड को विज्ञापन देने के लिए करोड़ों हैं लेकिन गरीबों के इलाज को पीजीआई चंडीगढ़ को देने के लिए जरूरी 14 करोड़ 30 लाख रुपये नहीं हैं। नेशनल हेराल्ड मामले पर पूर्व विधायक बलबीर सिंह ने अंब में पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर तंज कसते हुए यह बात कही। कहा कि विडंबना है कि जिस समाचार पत्र समूह की अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर करोड़ों के भ्रष्टाचार के आरोप हों, उन्हें विज्ञापन के नाम पर प्रदेश के करदाताओं के धन को लुटाया जा रहा है। इस समाचार पत्र की एक भी प्रति हिमाचल में नहीं आती है। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता केवल अपने चहेतों को लाभ देना है, जबकि आम जनता की जरूरतें उपेक्षित हो रही हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। सीएजी रिपोर्ट के हवाले से बताया कि राज्य में गत दो वर्षों में 2795.23 करोड़ की धनराशि का कोई लेखा-जोखा नहीं है और न ही इस राशि को खर्च करने के बाद 2970 उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) जमा किए गए हैं। बजट में बिना प्रावधान के 94.36 करोड़ रुपये खर्च करने की बात भी सामने आ चुकी है। 2023-24 में राजस्व प्राप्तियों में 1083.55 करोड़ की वृद्धि दिखाई गई लेकिन राजस्व व्यय में केवल 306.37 करोड़ की ही वृद्धि हुई है। यह पूरी तरह से वित्तीय कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार का एक जीता जागता उदाहरण है।