अंब (ऊना)। चौआर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन कथावाचक कन्हैया लाल जोशी ने भगवान कपिल मुनि, ऋषभ देव, भक्त ध्रुव और प्रह्लाद की कथाएं सुनाईं। उन्होंने इन प्रसंगों के माध्यम से वहां मौजूद श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और ईश्वर के प्रति सच्चे समर्पण का महत्व बताया। कथा के दौरान जोशी ने कपिल मुनि के उपदेशों का जिक्र करते हुए आत्मज्ञान की बात कही, जबकि ऋषभ देव के चरित्र से त्याग और सदाचार की सीख दी। भक्त ध्रुव की कठोर तपस्या का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि संकल्प पक्का हो और मन में सच्ची श्रद्धा हो, तो भगवान की कृपा जरूर मिलती है। वहीं, भक्त प्रह्लाद की कथा सुनाते हुए उन्होंने समझाया कि संकट की हर घड़ी में भगवान अपने सच्चे भक्त की रक्षा के लिए सदैव साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भागवत कथा को केवल सुनना ही काफी नहीं है, बल्कि इसकी बातों को अपने जीवन में उतारने से ही सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा मिलती है।