नंगल मारपीट मामले में थाना प्रभारी से मुलाकात कर अपना पक्ष रखते दूसरे पक्ष के लोग। स्रोत संवाद
कंचेहड़ा में बड़ी संख्या में जमा हुए ग्रामीण
निक्कू नंगल निवासियों पर लगाया झूठ बोलने का आरोप
पुलिस पर भी एक तरफ कार्रवाई करने का आरोप
ग्रामीणों ने कहा- मात्र समझौता करवाने गए, उन्हें ही बंधक बना की मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल। नंगल के निक्कू नंगल गांव में रविवार को हुए खूनी संघर्ष के बाद दूसरा पक्ष भी अब सामने आया। दूसरे पक्ष ने निक्कू नंगल गांव वाले पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि वे दोनों पक्षों में चल रहे पुराने विवाद को खत्म करवाने गांव निक्कू नंगल पहुंचे थे। यहां उन पर ही हमला कर दिया गया और उन्होंने भाग कर जान बचाई। बड़ी संख्या में गांव कंचेहड़ा में जमा हुए लोगों, महिलाओं ने पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए। ज्वाहर मार्केट व्यापार मंडल के अध्यक्ष लवली आंगरा, हमले में घायल हुए अरमान, अन्नु, संध्या और पलविंद्र सिंह ने कहा कि पहले दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। निक्कू नंगल निवासियों के आग्रह पर वे वहां समझौते के लिए गए। जब वहां पहुंचे तो लोगों के उनपर हमला कर दिया। इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने उलटा घायलों सहित अन्य एक दर्जन के करीब युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, एक अन्य युवक के नाबालिग होने पर होशियारपुर बाल सुधार गृह भेजा। गिरफ्तार व्यक्ति को अदालत ने एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा और उसका पुलिस रिमांड खत्म होने पर जेल भेजा गया। गुस्साए ग्रामीणों ने निक्कू नंगल पक्ष पर आरोप लगाया कि अगर युवक वहां हमला करने आए भी थे, तो उन्हें पकड़कर थाने देना चाहिए था। मारपीट का अधिकार किस ने दिया।उधर, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राहुल शर्मा ने कहा कि घायल युवकों की ओर से तभी मामला दर्ज होगा, जब उनकी मेडिकल रिपोर्ट आ जाएगी। उस समय घायलों के बयान दर्ज कर लिए जाएंगे।