लोगों को गर्मी से मिली राहत, तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में वीरवार देर शाम हुई बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। शुक्रवार को जिले में मौसम साफ रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसे में गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। जिले में बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, शुक्रवार को जिलेभर में मौसम साफ रहा। वीरवार की अपेक्षा शुक्रवार को अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बीते वीरवार को जिले का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया था। जबकि शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 38.02 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। मौसम विभाग की तरफ से आगामी दिनों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। बारिश के बाद किसानों ने भी राहत महसूस की है। बीते कई दिन से तेज धूप और गर्मी के चलते किसानों को सिंचाई के लिए भागदौड़ करनी पड़ रही थी। मौसम विभाग ऊना के समन्वयक विनोद कुमार ने बताया कि शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी दिनों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।