उपमंडल बंगाणा क्षेत्र में सुबह मौसम साफ होन पर किसान मक्की की फ़सल को समेट कर घर में रखी हुई।सं
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र में मंगलवार देर शाम हुई भारी बारिश ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। तलमेहड़ा बाजार चौक पर बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। यह बारिश करीब एक घंटे तक लगातार जारी रही। इसी दौरान जिन किसानों ने मक्की की फसल काटकर खेतों में रखी हुई थी, वह सड़ने के कगार पर पहुंच गई। वहीं, खड़ी फसल को दिन में बंदर और रात में जंगली जानवर नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसान गहरी चिंता में हैं। बुधवार सुबह मौसम साफ होने पर किसानों ने कुछ राहत की सांस ली और तेजी से मक्की की फसल समेटने में जुट गए। लेकिन, दोपहर बाद फिर से बारिश शुरू हो गई, जिससे उनकी परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। किसानों का कहना है कि इस बार बरसात ने जिस रौद्र रूप में कहर बरपाया है, ऐसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। यदि आने वाले दिनों में बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो उनकी सारी मेहनत पर पानी फिर जाएगा।