बड़ूही (ऊना)। हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) के कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर इंप्लायज यूनियन ने आंदोलन का ऐलान किया है। यूनियन की ओर से दो सितंबर को विधानसभा सत्र के दौरान धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यह निर्णय अंब और गगरेट यूनिट की जनरल हाउस मीटिंग में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष नितीश भारद्वाज ने की। नितीश ने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों की विभिन्न मांगों को लेकर कई बार बोर्ड मैनेजमेंट के समक्ष समस्याएं उठाई गई हैं लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मांगों के समाधान के लिए मैनेजमेंट को नोटिस भी दिया गया था लेकिन नोटिस की अवधि समाप्त होने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। यूनियन की प्रमुख मांगों में 15 मई 2003 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करना, मुख्यमंत्री की ओर से 15 अक्तूबर 2025 को शिमला में आयोजित 18वें स्टेट कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई घोषणाओं को लागू करना, प्रमोशन पावर्स का दोबारा डेलीगेशन करना तथा आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए जॉब सिक्योरिटी पॉलिसी लागू करना शामिल है। नितीश भारद्वाज ने कहा कि यदि कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो दो सितंबर को विधानसभा के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।