ऊना। शहर के गुरुसर मोहल्ले में एक महिला का घर में ही फंदे पर झूलता शव मिला। मृतक महिला की पहचान आशा देवी पत्नी बुद्धि सिंह निवासी गुरुसर मोहल्ला, ऊना के रूप में हुई है। वह काफी समय से गुरुसर मोहल्ला में अपनी बहन के पास रहती थी। पुलिस ने शव का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। जानकारी के मुताबिक आशा देवी निवासी गुरुसर मोहल्ला ने बुधवार रात्रि को अपने कमरे में फंदा लगा लिया। काफी देर तक कमरे से कोई हरकत न होने पर बहन ने देखा, तो पाया कि आशा देवी फंदे पर झूल रही थी। इसके बाद उसने शोर मचाया। परिजनों ने इसके बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और परिजनों व पड़ोसियों से पूछताछ की। इसके साथ ही परिजनों के बयान दर्ज किए गए। बताया जा रहा है कि आशा देवी अपने पति से अलग बहन के पास ही रहती थी। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने वीरवार को शव का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। साथ ही जांच की जा रही है।