तलमेहड़ा स्कूल के वार्षिक समारोह में होनहारों को मिला सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
जोल (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलमेहड़ा में मंगलवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना से हुई, इसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की नृत्य, गायन और नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इससे पूर्व विधायक ने ग्राम पंचायत खरयालता में प्रधानमंत्री सिंचाई योजना 2.0 के तहत 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली रिटेनिंग वॉल का शिलान्यास किया। समारोह में शैक्षणिक, खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में विधायक ने शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए शिक्षकों की भूमिका की सराहना की और विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रवक्ता मदनलाल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन व राष्ट्रगान के साथ हुआ।