अंब (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलौण के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नैहरियां का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान की कार्यप्रणाली और विभिन्न तकनीकी ट्रेडों की जानकारी प्राप्त की। आईटीआई के प्रधानाचार्य ई. परवेश शर्मा ने छात्रों का स्वागत करते हुए बताया कि वर्ष 2007 में स्थापित इस संस्थान में वर्तमान में फिटर, एसओटी और ड्रेस मेकिंग ट्रेड संचालित हैं, जिनमें 84 प्रशिक्षु प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने ऐसे भ्रमणों को विद्यार्थियों के मानसिक विकास और तकनीकी समझ के लिए उपयोगी बताया। अनुदेशकों ने छात्रों को कार्यशालाओं का भ्रमण करवाया और आधुनिक मशीनों की जानकारी दी। छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने प्रयोगात्मक कार्य देखकर नया अनुभव प्राप्त किया। छात्रों ने इस भ्रमण को भविष्य के लिए लाभदायक बताया। विद्यालय के अध्यापक राज कुमार ने संस्थान के प्रधानाचार्य और स्टाफ का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अध्यापिकाएं सलोचना देवी, मंजू देवी तथा आईटीआई कार्यालय से इंद्रजीत भी उपस्थित रहे।