मवा कहोला में हत्या के मामले में परिजनों से पूछताछ करती हुई पुलिस। संवाद
मुबारिकपुर/दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के मवां कोहलां में लालपरी के नशे में धुत्त प्रवासी साढू ने साढू पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी है। घटना को अंजाम देने के बाद प्रवासी मजदूर फरार हो गया है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर प्रवासी मजदूर की धरपकड़ तेज कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवासी दंपती आपस में किसी बात को लेकर झगड़ रहे थे। इसी दौरान मौके पर मौजूद साथी मजदूर, जो कि आरोपी का रिश्ते में साढू भी था, ने उन्हें छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने तैश में आकर साढू पर लोहे की राॅड से हमला कर दिया। इससे उसके सिर पर गहरी चोट आई और वह बेसुध होकर वहीं गिर गया। आनन-फानन में उसे सीएचसी दौलतपुर चौक लाया गया, लेकिन ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान शत्रुघ्न पुत्र राम निवास उम्र 44 वर्ष गांव वरहा जिला आरा बिहार के रूप में हुई है, जबकि मौके से फरार आरोपी की पहचान छठू महतो जिला सारण बिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा कि मृतक एवं आरोपी मवा कोहला में अपने रिश्तेदारों के साथ रहकर क्षेत्र में मजदूरी का काम करते थे, लेकिन दिन के समय पति-पत्नी की आपसी लड़ाई में कूदे शत्रुघ्न को उसके साढू ने सिर पर रॉड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद दौलतपुर चौक पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने बताया कि मवा कोहलां में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीम जुटी हुई हैं।