ऊना। जिला प्रशासन की ओर से चलाए गए सामर्थ्य अभियान के तहत विभिन्न प्रेरणादायक कार्य पूरे होंगे। कड़ी में खेल गतिविधियों से जुड़े विकास कार्यों को भी अमलीजामा पहनाया जाएगा। खेल मैदान ऊना के बास्केटबाल एवं लॉन टेनिस कोर्ट के जीर्णोद्धार को लेकर भी प्रक्रिया चल रही है। बकायदा उपायुक्त ने विभिन्न उद्योग प्रतिनिधियों से इसके लिए सहयोग करने की अपील की है। हालांकि इस दिशा में जल्द कार्य धरातल पर उतरेगा, लेकिन इन दोनों मैदानों के लिए कई दिन पहले 50 लाख के लगभग अनुमानित बजट खर्च होने का प्रस्ताव खेल विभाग ऊना की ओर से प्रशासन को दिया गया है। उपायुक्त जतिन लाल के नेतृत्व में संबंधित विषय को लेकर फीडबैक भी लिया जा रहा है। बता दें कि वर्षों से इन दोनों मैदानों को जीर्णोद्धार का इंतजार है। अब सामर्थ्य अभियान में इन मैदानों के लिए प्रक्रिया का आना दोनों खेल के खिलाड़ियों के लिए आने वाले दिनों में सुविधाजनक साबित होगा। खेल विभाग को भी अभियान के माध्यम से दोनों कोर्ट को सुचारू होने के लिए संजीवनी मिलेगी।
सामर्थ्य अभियान के तहत खेल गतिविधियों के उत्थान के लिए प्रक्रिया जारी है। आने वाले दिनों में इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम के लाॅन टेनिस व बास्केटबाल मैदान का जीर्णोद्धार भी प्रस्तावित है।
-जतिन लाल, उपायुक्त, ऊना