बंगाणा (ऊना)। श्री राम नाटक क्लब हटली में 68वें शुद्ध रामायण मंचन के दौरान तीसरे नवरात्र के उपलक्ष्य पर मंगलवार शाम को सीता स्वयंवर का मंचन किया गया। कलाकारों ने भगवान श्रीराम द्वारा अहिल्या के उद्धार से लेकर सीता स्वयंवर, श्री राम-सीता विवाह और सीता की विदाई तक के प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। विशेष रूप से सीता विवाह और विदाई के भावुक दृश्यों ने रामलीला देखने पहुंचे दर्शकों की आंखें नम कर दीं। कार्यक्रम में लंका पति रावण की भूमिका संजय सोनी और परशुराम की भूमिका विवेकशील शर्मा ने निभाई। भगवान श्री राम की भूमिका में अभिनाश सोनी ने अभिनय किया जबकि लक्ष्मण की भूमिका दिनेश खत्री ने निभाई। विश्वामित्र की भूमिका में पूर्ण सिंह राणा ने अपने संवादों और अभिनय से दर्शकों पर छाप छोड़ी। अहिल्या की भूमिका सुशील खत्री ने, राजा जनक की मदन गोपाल ने और माता सीता की भूमिका तरुण कौशल ने निभाई। सुनैना की भूमिका में राज कुमार धीमान और सखी की भूमिका में समर धीमान तथा अरमान ने मंचन को आकर्षक बनाया।