संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। युवा आपदा मित्र स्कीम के तहत राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक की 15 सदस्यीय रोवर-रेंजर की टीम बुधवार को डिजास्टर मैनेजमेंट कैंप में भाग लेने के लिए रीजनल वाटर स्पोर्ट्स सेंटर पौंग डैम के लिए रवाना हुई। टीम का नेतृत्व प्रोफेसर यासीन मोहम्मद की ओर से किया जा रहा है। प्राचार्य डाॅ. अजय कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि यह विद्यार्थियों के लिए सौभाग्य का अवसर है, जहां वे आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण कौशल सीखेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि कैंप के दौरान दिए जाने वाले प्रशिक्षण को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और लग्न से आत्मसात करें ताकि आवश्यकता पड़ने पर स्वयं एवं अन्य लोगों की सहायता में सक्षम बन सकें। यह कैंप विद्यार्थियों में बचाव कार्यों की दक्षता, आपसी सहयोग, सहिष्णुता, तथा सामंजस्य जैसे वैचारिक व व्यावहारिक गुणों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर डा. रोहीणी, डा. लीना, प्रो. अर्श सिंह, डा. श्रेया भारद्वाज, प्रो. निधि सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने टीम को आशीर्वाद देकर उनका उत्साहवर्धन किया।