गगरेट (ऊना)। आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और सही तरीके से उठाए गए कदम जान-माल के नुकसान को कम कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मरवाड़ी में अग्निशमन विभाग की ओर से स्कूल आपदा तैयारी प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। फायर पोस्ट अंब की टीम ने सुबह नौ बजे आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को आपदा से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके समझाए। कार्यक्रम के दौरान 230 विद्यार्थियों और 30 स्टाफ सदस्यों को आपदा सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को भूकंप जैसी आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली ड्रॉप, कवर एंड होल्ड तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन करवाया गया। इसके साथ ही सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए सुरक्षित निकासी सेफ इवैक्युएशन की प्रक्रिया भी समझाई गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, अग्निशामक यंत्र के सही इस्तेमाल और आग पर शुरुआती स्तर पर काबू पाने के तरीकों की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए इस्तेमाल होने वाले विभिन्न औजारों और उपकरणों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा के समय स्वयं की सुरक्षा करने के साथ-साथ दूसरों की मदद करने के लिए जागरूक एवं सक्षम बनाना रहा।