विद्यार्थियों को दिए परीक्षा के लिए टिप्स, नशे से दूर रहने के लिए भी किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब/नारी (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चक्कसरायं में परीक्षाओं को लेकर शनिवार को जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त प्रवक्ता सतीश शर्मा ने बच्चों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं को एक माह का समय बचा है। ऐसे में यह समय तैयारी के लिए बेहद अनमोल है। विद्यार्थियों को जो विषय कठिन लगता है, उस विषय के लिए अधिक समय निकालें। इसके अलावा जो सरल विषय हैं उनका दोहराव भी करते रहें। पढ़ने के लिए सुबह चार बजे से आठ बजे तक का समय सबसे अच्छा रहता है। इस समय का विद्यार्थी सदुपयोग करें। नशे से दूर रहें। एक माह में विद्यार्थी जमकर मेहनत करें तो वह परीक्षाओं में अपना बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य में शशि बाला ने कहा कि जो भी बच्चों को टिप्स दिए गए हैं, इनका अनुसरण जरूर करें। उन्होंने मुख्य वक्ता का बच्चों को कीमती समय देने के लिए आभार जताया। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित करने का आग्रह किया। इस दौरान स्कूल के सभी विद्यार्थी व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।