अंब(ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्वार में आयोजित तीन दिवसीय लड़कों की जोनल खेल प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के अंतिम दिन वॉलीबाल के फाइनल मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सूरी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंबेहड़ा की टीम उपविजेता रही। कबड्डी स्पर्धा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नैहरियां की टीम ने जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी हासिल की और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बेहड़ जसवां की टीम उपविजेता बनी। खो-खो और बैडमिंटन दोनों ही मुकाबलों में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंब का दबदबा रहा। शतरंज प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौकीमन्यार के छात्र ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए विजेता का खिताब जीता, जबकि धर्मशाला महंता स्कूल के खिलाड़ी उपविजेता रहे। कुश्ती स्पर्धा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुसाड़ा की टीम ने बाजी मारी। मार्चपास्ट में मेजबान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्वार की टीम पहले स्थान पर रही। समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया।