बड़ूही (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दियाड़ा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) ऊना के तत्वावधान में पैरा लीगल वॉलंटियर द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के लगभग 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, बाल विवाह निषेध कानून, बच्चों के अधिकार, निशुल्क कानूनी सहायता तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। डीएलएसए की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर प्रकाश डाला। पैरा लीगल वॉलंटियर अमरजीत सिंह ने विद्यार्थियों से समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने, नशे से दूर रहने और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। एडवोकेट दिनेश सैनी ने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने तथा किसी भी कानूनी समस्या या शोषण की स्थिति में बिना झिझक डीएलएसए से सहायता लेने का आग्रह किया।