भरवाईं(ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मसाल महंता में शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान विधायक ने स्कूल भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये तथा स्कूल के खेल मैदान के विकास के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। समारोह में प्रधानाचार्य अनिरुद्ध शर्मा, स्कूल स्टाफ, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) और विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि विधायक बबलू का स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पंजाबी गीतों और हिमाचली नाटी की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में खूब समां बांधा। इसके पश्चात शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यातिथि ने सम्मानित किया।