अंब (ऊना)। राजकीय उच्च विद्यालय घगोह के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को नैहरियां स्थित राजकीय आईटीआई का दौरा किया। उन्होंने आईटीआई की कार्यप्रणाली और वर्तमान में यहां चल रहे ट्रेड के बारे में विस्तार से जाना। आईटीआई के समूह अनुदेशक राकेश कुमार ने बताया कि यह आईटीआई 2007 में शुरू हुई थी। वर्तमान में इस आईटीआई में फिटर, एसओटी और ड्रेस मेकिंग व्यवसायों में 85 प्रशिक्षु प्रशिक्षण ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि जब आप घर जाएं तो आईटीआई और आईटीआई में चल रहे विभिन्न व्यवसायों के बारे में अपने परिजनों और दोस्तों को जरूर बताएं। आईटीआई के अनुदेशकों सुनील कुमार, सुनील दत्त और सुमन कुमारी ने भ्रमण पर आए छात्र-छात्राओं को विभिन्न कार्यशालाओं में ले जाकर वहां स्थापित मशीनों के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाईं । इस अवसर पर निर्मल कुमार और विद्यालय की ओर से आए अध्यापक विनय कुमार, अनीता देवी, कमलेश कुमारी, शबनम, आशा देवी व अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संवाद