विद्यार्थियों को कॅरिअर संवारने के लिए किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। सरकारी स्कूल सेरा के विद्यार्थियों ने नेशनल स्किल क्वालीफिकेशन फ्रेमवर्क के अंतर्गत संचालित वोकेशनल एजुकेशन कार्यक्रम के तहत शोभित आईटीआई चलोला का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण में विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकगण भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ना, तकनीकी प्रशिक्षण की जानकारी देना तथा उन्हें भविष्य के रोजगार एवं कॅरिअर विकल्पों के प्रति जागरूक करना रहा। आईटीआई चलोला पहुंचने पर संस्थान के चेयरमैन देशराज गौतम, प्रशिक्षकगण एवं ट्रेनी की ओर से विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आईटीआई में संचालित विभिन्न तकनीकी ट्रेड्स जैसे इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर, फिटर सहित अन्य व्यवसायिक पाठ्यक्रमों का गहन अवलोकन किया। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार आईटीआई में थ्योरी के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाता है। विद्यार्थियों को यह भी जानकारी दी गई कि ऊना जिले की सभी आईटीआई के विद्यार्थियों का कंप्यूटर आधारित टेस्ट तकनीकी शिक्षा बोर्ड द्वारा आईटीआई चलोला में ही आयोजित किया जाता है। इसके लिए संस्थान में उपलब्ध आधुनिक कंप्यूटर लैब का उपयोग किया जाता है। आईटीआई के चेयरमैन देशराज गौतम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में आईटीआई जैसे तकनीकी संस्थान युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आईटीआई में उपलब्ध विभिन्न कोर्सों, प्रवेश प्रक्रिया एवं प्रशिक्षण के बाद रोजगार की संभावनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।