छात्र बोले-प्रतियोगी परीक्षाओं से रह सकते हैं वंचित
सरकार से उठाई वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
घनारी (ऊना)। प्रदेश में पटवारियों और कानूनगो की हड़ताल के चलते राजस्व विभाग से जुड़े अधिकतर कार्य ठप पड़ गए हैं। इससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजस्व विभाग के अधिकतर कार्य पटवारी ही करते हैं। ऐसे में उनकी हड़ताल से कई आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। नीट एमडीएस की तैयारी कर रही छात्रा रितिका ने बताया कि नीट एमडीएस प्रवेश परीक्षा के लिए दस्तावेज जमा करवाने की अंतिम तिथि 10 मार्च है। इसमें बोनाफाइड सहित कई अन्य प्रमाण पत्रों की आवश्यकता होती है। ये प्रमाण पत्र पटवारी की ओर से सत्यापित किए जाते हैं लेकिन हड़ताल के चलते दस्तावेजों की प्रक्रिया अटक गई है। अन्य विद्यार्थियों ने भी चिंता जताते हुए कहा कि नया वित्त वर्ष शुरू होने वाला है और इस समय बोनाफाइड, एससी/एसटी, ईडब्ल्यूएस, इनकम, जाति सहित अन्य प्रमाण पत्रों की आवश्यकता अधिक होती है। हड़ताल के कारण दस्तावेज तैयार नहीं हो पा रहे हैं, जिससे वे विभिन्न परीक्षाओं में शामिल होने से वंचित रह सकते हैं। विद्यार्थियों ने सरकार से मांग की है कि उनके प्रमाण पत्र जल्द से जल्द जारी करने का वैकल्पिक समाधान निकाला जाए, ताकि उनके भविष्य पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो कई युवा परीक्षाओं से वंचित रह सकते हैं, जिससे उनका कॅरिअर खतरे में पड़ सकता है। संवाद