8.68 लाख की लागत से औद्योगिक क्षेत्र के गलियारे सौर ऊर्जा से होंगे रोशन
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। बाथू और बाथड़ी औद्योगिक गलियारे के विकास के लिए बड़ी सफलता हासिल हुई है। हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एचबीआईए) के अध्यक्ष राकेश कौशल ने जानकारी दी कि 8,68,000 की लागत से सौर ऊर्जा से चलने वाली स्ट्रीट लाइट परियोजना को मंजूरी मिल गई है। यह उपलब्धि हरोली ब्लॉक उद्योग संघ के निरंतर प्रयासों और उद्योग के संयुक्त निदेशक अंशुल धीमान के अमूल्य सहयोग से संभव हुई। लंबे समय से इस परियोजना की मांग की जा रही थी। इससे औद्योगिक गलियारे की सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित होगी। उपायुक्त जतिन लाल ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए इसे प्राथमिकता दी। हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से उनके समक्ष प्रस्तुत मांग के बाद उन्होंने सक्रिय प्रतिक्रिया दी। हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल ने उपायुक्त जतिन लाल और संयुक्त निदेशक अंशुल धीमान को विशेष रूप से धन्यवाद दिया। इस परियोजना से बाथू और बाथड़ी औद्योगिक गलियारे में ऊर्जा कुशलता, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना औद्योगिक क्षेत्र में विकास और उन्नति का एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे उद्योगों को बेहतर कार्यक्षेत्र और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।