संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। शिमला में 30 मई को प्रस्तावित जय हिंद सभा में भाग लेने के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिंतपूर्णी की बैठक वीरवार को हुई। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रविंद्र शर्मा की अध्यक्षता में विश्राम गृह अंब में आयोजित बैठक में सभा की रूपरेखा और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। रविंद्र शर्मा ने कहा कि जय हिंद सभा कांग्रेस की एकता और जनभावनाओं का प्रतीक है। चिंतपूर्णी क्षेत्र से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को यह दायित्व सौंपा गया है कि वे समर्थकों और कार्यकर्ताओं को समय पर सभा स्थल शिमला में पहुंचाने में सहयोग करें। कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ इस सभा में भाग लेंगे। इस बैठक में कांग्रेस ओबीसी सेल के पूर्व सदस्य नरेश बरोटिया, चिंतपूर्णी अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष रशाद खान, खरियालता पंचायत के उप प्रधान अशोक कुमार, नंदपुर पंचायत के प्रधान श्रवण कुमार बिट्टू, वार्ड पार्षद अंब रितेश शर्मा, नरेश ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।