बंगाणा (ऊना)। विश्व रेबीज दिवस के उपलक्ष्य में उपमंडल बंगाणा में पशुपालन विभाग की ओर से श्वानों की नसबंदी, निशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी बंगाणा डॉ. राजेश कुमार जंगा के नेतृत्व में पशु औषधालय छपरोह कलां में नसबंदी एवं निशुल्क रेबीज टीकाकरण शिविर लगाया गया। शिविर में वेटरनरी पॉलीक्लिनिक ललहड़ी से विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न ग्राम पंचायतों से लाए गए 50 पालतू एवं लावारिस श्वानों की नसबंदी की। साथ ही सभी श्वानों को विभाग की ओर से निशुल्क एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई। शिविर में डॉ. निशांत रनौत, डॉ. शिल्पा रनौत, डॉ. दीपशिखा भारती, डॉ. दीपशिखा सैनी और स्थानीय पशु चिकित्सक डॉ. रजत दत्ता सहित मोबाइल पशु एंबुलेंस स्टाफ तथा पशुपालन विभाग के अर्जुन सिंह, सुशील चंद्र, अमिता देवी सहित अन्य ने सेवाएं दीं। केंद्रीय विद्यालय बंगाणा में आयोजित जागरूकता में डॉ. राजेश जंगा ने बतौर मुख्य वक्ता विद्यार्थियों को रेबीज बीमारी के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेबीज बीमारी संक्रमित जानवर के काटने या उसकी लार के संपर्क में आने से फैल सकती है। उन्होंने कहा कि कुत्ते या अन्य संदिग्ध संक्रमित जानवर के काटने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए तथा बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर चिकित्सकीय सलाह और आवश्यक टीकाकरण करवाना चाहिए।